उप जिला मेला अस्पताल की इमरजेंसी पर बीती देर रात एक दर्जन से अधिक हथियारबंद लोगों ने हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से चिकित्सक समेत स्टॉफ में दहशत फैल गयी और भगदड मच गई। बताया जा रहा हैं कि इमरजेंसी का दरवाजा बंद करने के दौरान हमलावरों के पत्थर से किये गये हमले से अस्पताल में तैनात एक पीआरडी जवान भी घायल हो गया और गेट का शीशा टूट गया।
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि अचानक इमरजेंसी में हुए हमले से स्टॉफ में दहशत और भगदड का माहौल हो गया। हमलावरों की भीड लाठी, डंडे, धारदार हथियार और ईट पत्थर लिए हुए थे। यदि पीआरडी के जवान ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो बडी घटना भी घट सकती थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। घटना के सम्बंध में रात्रि में तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक पांडे की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी गई है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी का कहना हैं कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले को गम्भीरता से लेते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी फूटेज के आधार पर आरोपियों को चिहिंत करने का प्रयास करते हुए जांच में जुटी है।
